संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। भाकियू अराजनीतिक के कार्यकर्ताओं ने टोल मैनेजर पर फोन पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के मवीकलां टोल प्लाजा पर हंगामा किया। वहां धरना देकर आधा घंटे तक टोल फ्री कराया। वाहन काफी देर बिना टोल दिए निकलते रहे तो पुलिस ने उनको उठाने का प्रयास किया, जहां पुलिस से उनकी नोकझोेंक हुई। बाद में टोल मैनेजर के माफी मांगने पर कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
भाकियू अराजनीतिक के युवा जिलाध्यक्ष शुभम शर्मा ने शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ मवीकलां टोल प्लाजा पर धरना दिया। बताया कि वह 11 नवंबर को गाड़ी लेकर जा रहे थे और टोल मैनेजर से गाड़ी निकालने के लिए फोन किया। पहले तो फोन नहीं उठाया और फिर उनके साथ फोन पर अभद्रता करनी शुरू कर दी। बताया कि इससे पहले भी कई बार उनके साथ अभद्रता की जा चुकी है। टोल प्लाजा के कर्मी आए दिन वाहन चालकों के साथ अभद्रता करते हैं और लोगाेें के खिलाफ फर्जी मुकदमा करा देते हैं। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने एक बजे टोल प्लाजा पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया और वहां धरना देकर बैठ गए। आधा घंटे तक वाहनों को टोल फ्री कराया और करीब सौ से अधिक वाहनों को बिना टोल के निकाला गया।
सूचना पर पहुंची बागपत पुलिस ने उनको वाहनों को टोल फ्री करने से रोका तो पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने टोल मैनेजर को मौके पर बुलाने की मांग की। बाद में टोल मैनेजर सौरभ खान धरना स्थल पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें धरने पर बैठा लिया और माफी नहीं मांगने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। बाद में टोल मैनेजर के माफी मांगने और आगे से कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता न करने की बात कहने के बाद धरना समाप्त किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी कर्मचारी ने अभद्रता की तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला प्रवक्ता राहुल तोमर, गौरव चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अमन सिंह, नरेशपाल, देवव्रत पंवार, शुभम राठी आदि मौजूद रहे।