तिगरी में गोली लगने से घायल युवती को अस्पताल ले जाते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। तिगरी गांव में बहन के साथ गली से गुजर रहे युवक को हमलावरों ने घेर लिया। भाई को मुसीबत में देखकर किशोरी ने हमलावरों का विरोध किया। हमलावरों ने युवक पर गोली चलाई, लेकिन किशोरी बीच में आ गई। पैर में गोली लगने से युवती घायल हो गई। हमलावर धमकी देकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। सीओ से नोकझोंक हुई। एएसपी अजीजुल हक ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
खेकड़ा क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी किसान सुरेंद्र सिंह का गांव में ही विवाद चल रहा है। सोमवार शाम छह बजे सुरेंद्र का बेटा योगेश अपनी बहन काजल के साथ गली से गुजर रहा था। इसी दौरान गांव के ही हमलावरों ने योगेश को घेर लिया। भाई को मुसीबत में देखकर उसकी बहन कक्षा 11 की छात्रा काजल हमलावरों से भिड़ गई। हमलावरों ने योगेश पर गोली चलाई, लेकिन काजल सामने जा खड़ी हुई। पैर में गोली लगने से काजल घायल हो गई, इसके बाद हमलावर भाग गए।
हमलावरों ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने काजल को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही सीओ श्वेताभ पांडेय पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंचे। ग्रामीणों ने सीओ का विरोध किया। पुलिस को खरी-खोटी सुनाते हुए वापस दौड़ा लिया। सीओ को भी गांव से विरोध के चलते लौटना पड़ा। इसके बाद एएसपी अजीजुल हक और चांदीनगर, बालैनी और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। एएसपी अजीजुल हक ने हमलावरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।