पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में बुधवार बिनौली विकास खंड के 53 गांवों में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदाताओं ने खूब जोश दिखाया। मतदाताओं ने 73.6 प्रतिशत मतदान कर अपने गांव के मुखिया का चुनाव कर फैसला मतपेटियों में बंद कर दिया।
घने कोहरे और शीतलहर की परवाह किए बगैर सुबह सात बजे से ही वोटों लहर शुरू हो गई। लोग कंबल और चादर ओढ़े ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बूथों पर लाइन में खड़े हो गए। गांगनौली में तो वोटिंग इतनी तेजी से हुई कि सुबह 10.30 बजे तक ही 50 प्रतिशत वोट पड़ गए।
बामनौली में दोपहर को मतदान में तेजी आई। यहां दोपहर एक बजे से मतदाताओं की ऐसी भीड़ लगी कि शाम पांच बजे के बाद तक भी लाइन नहीं टूटी। मतदान में गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। डीएम नरेंद्र शंकर पांडेय एवं एसपी रवि शंकर छवि, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार मालपाणी, सीडीओ जेपी रस्तोगी, एसडीएम यशवर्द्धन श्रीवास्तव, एसडीएम राकेश कुमार सिंह, सीओ सीपी सिंह ने भी मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थितियों का जायजा लिया।
निजी वाहनों से मतदाताओं को ढोया ः प्रत्याशियों ने मतदाताओं को बूथों पर लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कार, ट्रैक्टर, जीप, ई-रिक्शा, थ्री-व्हीलर, बुग्गी सभी तरह के वाहन लगा दिए। हालांकि कई मतदाताओं ने उस समय प्रत्याशियों को खरी-खरी सुनाईं, जब वाहन मतदाताओं को बूथ तक छोड़कर चले गए और वोट डालने के बाद मतदाताओं को पैदल ही घर तक जाना पड़ा।
ड्रोन के जरिये की गई निगरानी
बड़ौत। पुलिस-प्रशासन ने चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर ड्रोन के जरिये मतदान केंद्रों की निगरानी की। शाहजहांपुर गांव में ड़ेन के जरिये विशेष निगरानी रखी गई। ड्रोन उड़ता देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
दोपहर बाद हुआ खूब मतदान
बड़ौत। बुधवार की सुबह कोहरे की धुंध छाई हुई थी। मतदान केंद्रों के बूथों पर फोर्स मुस्तैद थी। यहां न तो मतदाताओं की लाइन सुबह के समय दिखाई दी और न ही उत्साह दिखाई दिया। दोपहर तक यह हाल रहा कि प्रत्याशियों के चेहरों पर भी उदासी छाई हुई थी।
हालांकि दोपहर बाद जब मतदाताओं की भीड़ बढ़ने लगी, तो प्रत्याशियों के चेहरे खिल उठे। मुस्लिम बहुल क्षेत्र बरनावा, शाहजहांपुर व अन्य गांव में घने कोहरे के बीच भी मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थी।
गांगनौली गांव में भी सुबह से मतदाताओं की भीड़ देखने को मिली। पुलिस ने गांव में खुली दुकानों को बंद कराया और मतदान केंद्रों के पास खड़ी भीड़ को भी लाठियां फटकार खदेड़ा।
गांगनौली में हुआ सबसे ज्यादा मतदान
दोघट। चौगामा क्षेत्र में चौथे चरण का मतदान शांतिपूर्ण रहा। सुबह से ही एसडीएम बड़ौत व सीओ क्षेत्र में डेरा डाले रहे। कान्हड़, बेगमाबाद गढ़ी, गढ़ी कांगरान गांव में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। दोघट थाना क्षेत्र को चार जोन बामनौली, दाहा, गांगनौली, निरपुड़ा में बांटा गया था।
क्षेत्र में शाम पांच बजे तक 68 प्रतिशत मतदान हुआ। धनौरा टीकरी, निरपुड़ा, गांगनौली, दाहा, पुसार, भगवानपुर गांवों को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया था। इन गांवों में पुलिस अधिकारियों ने अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई थी। गांगनौली गांव में सबसे अधिक मतदान हुआ। मतदान समाप्त होने तक तक 86 प्रतिशत मतदान हुआ। कान्हड़, बेगमाबाद गढ़ी व गढ़ी कांगरान गांव में भी सांय पांच बजे तक 86 प्रतिशत मतदान हुआ।
खेकड़ा-पिलाना ब्लॉक रहा अव्वल
बागपत। ग्राम पंचायत चुनाव के चौथे चरण में कुल 73.60 फीसदी मतदान हुआ। मतदान प्रतिशत के मामले में चारों चरणों में खेकड़ा ,पिलाना ब्लॉक सबसे आगे रहा। यहां पहले चरण में सर्वाधिक 76.33 फीसदी मतदान हुआ था। 28 नवंबर से चल रही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया चौथे और अंतिम चरण के मतदान के बाद बुधवार को खत्म हो गई।
चार चरणों में संपंन हुए चुनाव में जनपद की 245 ग्राम पंचायतों के करीब साढे़ सात लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चारों चरणों में कुल 74.36 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना रविवार को होगी और मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों का भाग्य खुलेगा।