चांदीनगर (बागपत)। पिलाना-ढिकौली मार्ग पर ट्रक को बचाने के चक्कर में बस का संतुलन बिगड़ गया और रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई। गनीमत रही कि बस नहीं पलटी अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता। छह घायल यात्रियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मेरठ से रटौल जा रही रोडवेज बस जैसे ही पिलाना-चमरावल मार्ग पर चांदीनगर थाने के पास पहुंची। तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस अनियंत्रित होकर खेत में उतर गई।
बस में सवार रटौल निवासी फारूख, आसू, राहुल, पांची निवासी इसरार, रामकिशन और गुल्लू घायल हो गए। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और लोगों ने मिलकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित चालक से घटना की जानकारी ली।
इसके अलावा दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गौरीपुर मोड़ के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक सवार सुमित और सुनील निवासी ढिकौली घायल हो गए। आरोपी चालक कार को लेकर फरार हो गया। घटना की पुलिस से शिकायत की गई है।