गौरीशंकर को भगवान ने जुबां तो नहीं दी, लेकिन उसके मुक्के में ऐसी ताकत दी है, जिससे वह अच्छे-अच्छे को धूल चटा देता है। इसी हुनर से वह अब तक नेशनल प्रतियोगिता मेें दर्जनों स्वर्ण पदक जीत चुका है, लेकिन न तो प्रशासनिक स्तर पर उसे मदद मिली और न ही शासन स्तर से। इन सबके बावजूद उसने हार नहीं मानी।
अब गौरीशंकर क्षेत्र के लड़के-लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर सिखा रहा है। उसे आत्मरक्षा के गुर सीखकर युवाओं ने भी क्षेत्र का नाम रोशन शुरू कर दिया है।
बड़ौत निवासी गौरीशंकर पुत्र ब्रजपाल न तो बोल सकता है और न ही सुन सकता है। फोन पर मैसेज के माध्यम से लोगों की बातों का जवाब देता है। वह इंडियन बाल एकेडमी मेें आठवीं क्लास का छात्र है। उसके कोच राज विपिन जोसिया ने बताया कि वर्ष 2008 मेें उसने राज बाक्सिंग क्लब बड़ौत से बाक्सिंग सीखनी शुरू की थी।
आज उसके मुक्के ने दिल्ली से लेकर नेपाल, कर्नाटक तक धूम मचा दी है। वह कई नेशनल, राज्य स्तरीय व जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं मेें स्वर्ण पदक सहित अन्य कई पदक जीत चुका है। जैसे-जैसे गौरीशंकर पदक झटकता प्रशासनिक स्तर पर उसे आर्थिक मदद दिलाने के लिए घोषणाएं होती, लेकिन सभी घोषणाएं भी हवाई साबित हुई।
गौरीशंकर के बड़े भाई आशु उपाध्याय ने बताया कि सैकड़ों बार आर्थिक मदद लेने को लेकर अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटे, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बावजूद गौरीशंकर ने हार नहीं मानी। अब उन्होंने क्षेत्र के लड़के-लड़कियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाने की ठान ली है।
गौरीशंकर से गुर सीखकर युवाओं ने भी क्षेत्र का नाम रोशन करना शुरू कर दिया है। सुमित तोमर निवासी बड़ौली, नितिन तोमर निवासी बामनौली जिन्होंने दिल्ली मेें 2015 में संपन्न हुई किक बांक्सिग दिल्ली मेें स्वर्ण पदक झटका है। गौरीशंकर से प्रशिक्षण ले रही अनुसुइया वर्ष 2016 में उत्तराखंड मेें संपन्न हुई नेशनल वुशु प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुकी है।
गौरीशंकर की उपलब्धियां
प्रतियोगिता वर्ष पदक जगह
चौथा नेशनल किक बाक्सिंग 2010 रजत हरियाणा
12वां नेशनल ताइक्वांडो चैपियनशिप 2011 गोल्ड दिल्ली
दूसरी नेशनल ओ-स्पोर्ट चैंपियनशिप 2011 गोल्ड कर्नाटक
छठा नेपाल सोतोकोन इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2012 कांस्य नेपाल
21वां नेशनल कराटे चैंपियनशिप 2013 गोल्ड हरियाणा
तीसरा नेशनल थाई किक बांक्सिग 2014 गोल्ड मेरठ
दूसरा नेशनल सैल्ड डिफेंस चैंपियनशिप 2014 गोल्ड उत्तराखंड
15वां किक बाक्सिंग चैंपियनशिप 2015 गोल्ड दिल्ली
नेशनल रूरम गेम बाक्सिंग चैंपियनशिप 2015 कांस्य हरियाणा
प्रथम थाई किक बाक्सिंग चैंपियनशिप 2016 गोल्ड गाजियाबाद