संवाद न्यूज एजेंसी
बिनौली। डेरा सच्चा सौदा आश्रम बरनावा के सामने शेखपुरा वन्य क्षेत्र में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग और लाइटिंग की व्यवस्था की गई है।
हजारों की संख्या में कांवड़िए इस मार्ग से गल्हैता होते हुए पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जाते हैं। जंगल क्षेत्र में जानवरों को मार्ग पर आने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। कांवड़ियों को परेशानी न हो, इसके लिए लाइटिंग की भी व्यवस्था की गई है। जगह-जगह पानी के स्टॉल और शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवड़ियों को आवश्यकता पड़ने पर उपचार भी मिलेगा। अपर मुख्य अधिकारी जितेंद्र सिंह ने मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को कमियां जल्द दूर करने के निर्देश दिए।