बागपत के बरनावा गांव की प्रधान फिरदौस के पति जरीफ कुरैशी को अगवा कर गांव के ही एक घर में बंद कर पांच-छह हथियारबंद लोगों ने पीटकर अधमरा कर दिया। इन लोगों ने उन्हें फांसी लगाकर जान से मारने की कोशिश की। गांव के कुछ लोग छुड़ाने गए तो उन्होंने फायरिंग की और तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। इससे गांव में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची और किवाड़ तोड़कर जरीफ निकाला। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मेरठ-बरनावा मार्ग अवरुद्ध कर दिया। उन्होंने बिनौली थाने का घेराव भी किया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जरीफ कुरैशी की गांव के ही बाबू से रंजिश चल रही है। दोनों में कई मुकदमे भी चल रहे हैं। शनिवार को जरीफ गांव के अंदर पुराने मकान के बाहर बैठा था। तभी पांच-छह हथियारबंद युवक आए और उसे जबरन उठाकर ले गए। उसके पक्ष को कमरे में बंद कर मारपीट की सूचना मिली तो वे छुड़ाने पहुंचे। इस पर हमलावरों ने उन पर गोलियां दागीं। उन्होंने नईम पुत्र फैयाज, यूनुस पुत्र मोहम्मद उमर, कल्लू पुत्र नफीस को पीटकर घायल कर दिया।
इसके बाद घायलों में गांव में शोर मचाया तो तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्रधान पक्ष के काफी लोग जमा हो गए। सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंची, लेकिन हथियारबंद लोग पहले ही भाग निकले। पुलिस ने जरीफ को निकालकर सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
जरीफ कुरैशी पुत्र शरीफ कुरैशी ने इस मामले में बाबू, सद्दाम, इनाम, इरशाद, इस्लाम को नामजद कर अन्य अज्ञात के खिलाफ अपहरण, हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ग्रामीणों के हंगामे के बाद पुलिस ने नवाब व इस्तकार को गिरफ्तार कर लिया है।