बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने रविवार की रात्रि में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तहसील गेट के पास से किसी घटना को अंजाम देने जा रहे सरधना क्षेत्र के तीन बदमाशों को मुखबिर की सूचना पर दबोचा। पकड़े गए बदमाशों से एक तमंचा और चाकू बरामद हुए है। सोमवार को पुलिस ने तीनों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।
इंस्पेक्टर को मुखबिर ने सूचना दी कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तहसील गेट के पास तीन बदमाश खड़े हुए हैं, जो किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोचा। इंस्पेक्टर ने बताया पकड़े गए बदमाशों में उधम सिंह , अजय और अर्जुन निवासी गांव छूर्र थाना सरधना जनपद मेरठ हैं। पकड़े गए बदमाशों में से उधम से एक तमंचा 315 बोर, अजय और अर्जुन से दो चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद तीनों बदमाशों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को जेल भेजा।
सट्टा खेलते दो आरोपियों को पकड़ा, ताश व नगदी बरामद, जेल भेजा
बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार की तड़के महावतपुर बावली गांव की हरिजन चौपाल से सट्टा खेलते हुए दो युवकों को पकड़ा है। एसएसआई धुरेंद्र सिंह ने बताया पकड़े गए आरोपियों में मोनू सिंह और शरद पुत्र धर्मपाल निवासी पट्टी खोब्बा गांव बावली शामिल हैं। पकड़े गए लोगों के पास से ताश के पत्ते व 1150 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेजा।