बड़ौत में विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी। स्रोत:बैंक कर्मचारी
- बैंक कर्मियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर रखी एक दिवसीय हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/बड़ौत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर मंगलवार को बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मियों ने हड़ताल की। हड़ताल के चलते जिले की अधिकांश बैंक शाखाओं में कामकाज ठप रहा और इससे 80 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा। ग्राहकों को नकदी जमा व निकासी सहित अन्य सेवाओं में परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
मंगलवार को बैंक अधिकारी और कर्मी बिनौली रोड स्थित केनरा बैंक की मुख्य शाखा पर एकत्रित हुए। कर्मियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और इसके बाद बैठक की गई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह आर्य ने कहा कि बैंकों में काम का बोझ चार गुना तक बढ़ चुका है, लेकिन उसके अनुपात में नई भर्तियां नहीं की जा रही हैं।
स्टाफ की कमी के चलते कर्मचारियों और अधिकारियों पर अतिरिक्त कार्य का दबाव बनाकर शोषण किया जा रहा। उन्होंने कहा कि बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था को जल्द लागू किया जाए, स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए भर्ती निकाली जाए और काम के नाम पर कर्मचारियों का शोषण बंद किया जाए। इस मौके पर हुष्नेन्द्र, सचिन कुमार, देशबंधु, कुलदीप, बिजेंद्र, भूपेंद्र, मदन, सुधीर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं एलडीएम अभय सिंह ने बताया कि बैंकों में केवल एक दिन की हड़ताल रही और इससे करीब 80 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ।