बड़ौत। गन्ना विभाग ने पिछले सप्ताह 240 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान नहीं करने तथा बेची गई चीनी के 3.5 करोड़ रुपये डायवर्ट करने तथा गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने पर गोदाम सील किया था। अब गन्ना विभाग ने चीनी ब्रिकी से रोक हटा दी है।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार भारती ने कब्जे में ली गई चीनी को अवमुक्त करने की पुष्टि कर मिल प्रबंधन को बिक्री की अनुमति दे दी है। उधर, मलकपुर चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना मुकेश मलिक ने बताया कि अब तक मलकपुर मिल ने 28.85 लाख कुंतल गन्ना पेराई कर 3.01 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया है। सहकारी मिल बागपत ने 9.31 लाख कुंतल गन्ना पेराई कर 91 हजार कुंतल चीनी उत्पादन और सहकारी चीनी मिल रमाला ने 19.85 लाख कुंतल गन्ना पेराई कर 1.85 लाख कुंतल चीनी उत्पादन किया है।
मिल पर करोड़ रुपये बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने पर गन्ना विभाग ने दो अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। संवाद