बालैनी स्थित बिजवाड़ा गांव में 20 जून की रात पत्नी नीशू ने अपने प्रेमी विक्रांत के साथ मिलकर पति राजीव के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। पुलिस दोनों आरोपियों को जेल भेज चुकी है। राजीव के परिजनों फांसी दिलाने की मांग की है।
मेरठ मेडिकल में छह दिन जिंदगी की जंग लड़ने के बाद बिजवाड़ा गांव के राजीव (36) हार गए। शुक्रवार रात करीब दो बजे उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने हत्यारोपी पत्नी नीशू और उसके प्रेमी विक्रांत को फांसी की सजा दिलाने और तीनों बच्चों की परवरिश के लिए आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।
विज्ञापन
बिजवाड़ा गांव के सतबीर ने 21 जून को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार रात में उसके बेटे राजीव की पत्नी नीशू ने पड़ोस में रहने वाले अपने प्रेमी विक्रांत को घर में बुलाया। दोनों ने कमरे में चारपाई पर सो रहे उसके बेटे राजीव के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, तभी प्रेमी विक्रांत छत के रास्ते से कूदकर भाग गया।
आग लगने पर राजीव शोर मचाता हुआ घर से बाहर भागा। वहां पर पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राजीव के बयान दर्ज किए तो उसने पूरी घटना के बारे में बता दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी नीशू और उसके प्रेमी विक्रांत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि मेरठ मेडिकल में भर्ती राजीव की हालत गंभीर बनी रही और शुक्रवार देर रात राजीव ने दम तोड़ दिया। उनके पिता सतबीर का कहना है कि उसके बेटे के हत्यारोपियों को फांसी की सजा दिलाई जाए।
परिवार वाले संभालेंगे तीन बच्चों की जिम्मेदारी
सतबीर ने बताया कि राजीव की 11 साल पहले नीशू के साथ शादी हुई थी, उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। राजीव कोल्हू और ईंट भट्ठों पर मजदूरी करता था। राजीव की मौत होने और उसकी पत्नी नीशू के जेल जाने के बाद उसके दो बेटे और एक बेटी बेसहारा हो गए हैं। अब परिवार वालों ने उनका पालन पोषण करने की जिम्मेदारी ली है।
राजीव अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे बड़े थे। बताया कि राजीव के पिता सतबीर ने दो शादी की थीं, जिसमें राजीव पहली पत्नी राजकली का बेटा था, जिसकी काफी समय पहले मौत हो गई थी, उस समय राजीव काफी छोटा था। इसके बाद सतबीर ने राजबीरी से शादी की, जिसके तीन बेटे सचिन, मुकेश और अनिल उर्फ छोटा हैं।
ये बोलीं सीओ
राजीव को जलाने के दोनों आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। अब जानलेवा हमला करने का मामला हत्या में तरमीम किया जाएगा। - सुकन्या शर्मा, सीओ