शहरा अरोरा की फाइल फोटो और क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह ट्रक में पीछे से कार घुसने पर एनआरआई युवती शहरा अरोरा (21) निवासी मॉडल टाउन दिल्ली की मौत हो गई। उनका चचेरा भाई आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर छपरौली चुंगी के पास रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पुलिस लाइन के अस्थायी सफाईकर्मी मनोज (43) निवासी ट्योढ़ी की मौत हो गई।
मनोज की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली के मॉडल टाउन के रहने वाले भारत भूषण अरोरा ने बताया कि उनकी भतीजी शहरा अरोरा जर्मनी में रही थीं। वहां चीन की एक कंपनी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्रिएटर के पद पर कार्यरत थीं। एक महीने पहले छुट्टी लेकर शहरा दिल्ली आई थीं। सोमवार सुबह करीब चार बजे उनका बेटा आदित्य अरोरा और भतीजी शहरा अरोरा कार से देहरादून जा रहे थे।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली कट के पास पहुंचे तो आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आदित्य और शहरा की कार घुस गई। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अपना ट्रक लेकर भाग गया। वहां आए पुलिसकर्मियों ने दोनों को कार से निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में शहरा की मौत हो गई। शहरा अपने परिवार की इकलौती बेटी थी। भारत भूषण अरोरा ने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया और उन्होंने पुलिस को यह लिखित में दिया।
शहरा को पांच सितंबर को जाना था वापस जर्मनी
भारत भूषण अरोरा ने बताया कि घर आने के बाद शहरा अरोरा देहरादून घूमने के लिए निकली थीं, जिनको पांच सितंबर को वापस जर्मनी जाना था। उससे पहले हादसे में जान चली गई। क्षतिग्रस्त कार से शहरा अरोरा का पासपोर्ट भी पुलिस ने बरामद किया। शहरा अरोरा का पोस्टमार्टम दो चिकित्सकों के पैनल ने किया, जिसमें दो-तीन पसलियां टूटी हुई और लीवर फटा हुआ मिला। इसके अलावा चेहरे, हाथ में भी चोट लगी मिली। इन्हीं चोटों की वजह से मौत होना सामने आया है।
पुलिस लाइन के अस्थायी सफाईकर्मी की मौत हुई
ट्योढ़ी गांव के संदीप ने बताया कि बड़े भाई मनोज पुलिस लाइन में अस्थायी सफाईकर्मी थे, जो रविवार शाम बाइक से घर का सामान लेने बड़ौत गए थे। सामान खरीदकर रात में घर वापस आते समय दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर छपरौली चुंगी पर पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने मनोज की बाइक में टक्कर मार दी।
घायल मनोज का लोगों ने सीएचसी में उपचार कराया, जहां से जिला अस्पताल और वहां से मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया गया। मेरठ मेडिकल ले जाते समय रास्ते में मनोज की मौत हो गई। मनोज के परिवार में पत्नी और चार बच्चे हैं। लोकेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने बड़ौत कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वाहन का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
ये बोलीं सीओ
सड़क हादसों में महिला एनआरआई समेत दो की मौत हुई है। एक हादसे की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर वाहन का पता लगाया जा रहा है। एनआरआई के परिजनों ने कार्रवाई करने से मना कर दिया।
- अंशु जैन, सीओ बड़ौत