दोपहर बाद नाराज किसानों ने किया हंगामा, प्रबंधक ने संचालन शुरू कराया
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। सहकारी क्षेत्र की बागपत चीनी मिल में बुधवार को बैगास पर लगी बिजली मोटर फुंक जाने के कारण संचालन बंद हो गया। चीनी मिल चार घंटे बंद रही। दोपहर बाद किसानों ने घटतौली और मिल संचालन की मांग के लिए हंगामा किया। मिल प्रबंधन ने किसानों को समझा बुझाकर शांत किया।
बुधवार की सुबह नौ बजे बैगास पर लगी मोटर फुंक गई, जिस कारण मिल बंद हो गई। मिल बंद हो जाने के कारण तौल प्रभावित हुआ। गन्ना यार्ड पूरी तरह भर गया। गन्ना लदे ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और भैंसा बोगी की कतार लग गई। चार घंटे बाद दोपहर एक बजे चीनी मिल को शुरू कराया जा सका। चीनी मिल के प्रबंधक आरके जैन का कहना है कि मोटर फुंक जाने के कारण चार घंटे संचालन बंद रहा। दोपहर एक बजे संचालन शुरू करा दिया गया है।
उधर, चीनी मिल पहुंचे किसानों ने मिल गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। किसानों का कहना था कि घटतौली की जा रही है। किसान राजेश कुमार, धर्मपाल, गौरव कुमार, कपिल कुमार, रामवीर सिंह और इंद्रपाल का कहना है कि तौल में एक क्विंटल का अंतर आ रहा था। किसानों के हंगामे के बाद मिल अधिकारी पहुंचे और किसानों को समझाकर शांत किया। मिल अधिकारियों का कहना है कि किसी तरह की घटतौली नहीं की गई है। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।