बालैनी गांव में गन्ने के खेत में भेड़ घुसने पर खेत मालिक जयप्रकाश उर्फ जेपी ने अपने साथी के साथ मिलकर गड़रिए राजकुमार को नग्न कर पीटा और गांव में घुमाया। इसके बाद गड़रिए के कपड़े, मोबाइल और हजारों रुपये छीनकर गोली मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। गड़रिए की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बालैनी गांव के रहने वाले राजकुमार ने बताया कि वह भेड़ पालता है और रविवार शाम भेड़ों को चराने जंगल में गया था। उसकी भेड़ एक गन्ने के खेत में घुस गई। वह उन्हें खेत से बाहर निकालने गया तो खेत मालिक जयप्रकाश यादव उर्फ जेपी भड़क गया। उसने अपने एक साथी नरेंद्र को बुलाकर उसकी पिटाई की। फिर कपड़े उतरवाकर नग्न अवस्था में पीटते हुए गांव में घुमाया।
आरोप लगाया कि खेत मालिक ने उसके कपड़े, मोबाइल और करीब 12 हजार रुपये भी छीन लिये। उन्हें वापस मांगने और पुलिस से शिकायत करने पर उसे गोली मारने की धमकी देकर भगा दिया। डर के कारण उसने पुलिस से शिकायत नहीं की। इसके बाद सोमवार को फिर से खेत मालिक उसके घर पहुंचा और शिकायत करने पर परिवार को मारने की धमकी देकर गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी वीडियो भी बनाई, जिसे खेत मालिक ने डिलीट करवा दिया। गड़रिए ने खेत मालिक और उसके साथी के खिलाफ तहरीर दी।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज करके एक आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार किया, जबकि जयप्रकाश फरार है। जांच के लिए गांव के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है और ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है।
गांव वाले भी नहीं कर सके बचाने की हिम्मत
गड़रिए ने बताया कि उसकी पिटाई करने वाला खेत मालिक गांव के लोगों को भी दबंगई दिखाता है। उसी वजह से गांव के लोग भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके।