रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बड़ौत रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-शामली तक दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि गोठरा व अलावलपुर को क्रॉसिंग स्टेशन बनाया जाएगा। हिंड व ननौता में लूपलाइन बनेंगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि दिल्ली-शामली रेलवे लाइन का दोहरीकरण होगा। इसको लेकर अक्तूबर में कार्रवाई शुरू करा दी गई है। यह कार्य तीन साल में पूरा करा दिया जाएगा और उसके बाद यहां नमो भारत रैपिड ट्रेन चलाई जाएगी। रेल मंत्री सोमवार को बड़ौत रेलवे स्टेशन पर दिल्ली-शामली तक दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने आए थे।
विज्ञापन
ट्रेन में बैठकर सफर करते रेल मंत्री, जयंत चौधरी और अन्य।
- फोटो : अमर उजाला
रेल मंत्री ने कहा कि दिल्ली-शामली रेलवे लाइन पर जब मालगाड़ी गुजरती है तो सिंगल लाइन होने के कारण अन्य गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इसलिए गोठरा व अलावलपुर को क्रॉसिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इस तरह क्रॉसिंग के समय गाड़ियां खड़ी करने के लिए शामली के हिंड व सहारनपुर के नानौता स्टेशनों पर लूप लाइन बनाई जाएगी।
दिल्ली-बागपत-शामली-सहारनपुर रेलवे लाइन को मुख्य लाइन से जोड़ने की तैयारी है। इसलिए दिल्ली-शामली रेलवे लाइन पर जहां पहले ट्रेनों की स्पीड 70-80 किमी प्रति घंटा होती थी, वह अब कई जगह पटरी बदलने से 120 किमी प्रति घंटा हो गई।
उन्होंने बताया कि शामली के स्टेशन को 25 करोड़ की लागत से अमृत भारत बनाया जा रहा है और उसका कार्य जल्द पूरा हो जाएगा। दिल्ली-शामली और दिल्ली-हरिद्वार की ट्रेनों में पिछले महीने बढ़ाए गए कोच को लेकर भी उन्होंने जानकारी दी।
पहले जेल की तरह लगती थी ट्रेन: जयंत
केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि पहले ट्रेनों की काफी दुर्दशा थी। जब ट्रेन रुकती थी तो लोग ऐसे उतरकर भागते थे, जैसे जेल से निकलकर भाग रहे हो। अब बड़ा बदलाव आया है और ट्रेनों में सफर करना अच्छा लगता है। इसके साथ ही सभी की जिम्मेदारी बढ़ गई है कि रेलवे की संपत्ति व ट्रेनों का ध्यान रखें। इनको नुकसान और गंदगी न होने दें। इनकी रखवाली करते रहे। ऐसा करेंगे तो सरकार भी उम्मीदों को पूरा करेगी।