पुलिस गिरफ्त में बावरिया गैंग का बदमाश
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के बागपत में बड़ौत कोतवाली पुलिस ने बावरिया गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लूटे गए करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व बंदूक और कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार पकड़े गए बदमाश का नाम मनीष उर्फ याहू बावरिया है। वह लोनी थाना क्षेत्र के गाजियाबाद जनपद का रहने वाला है। बड़ौत कोतवाली प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बावरियों का एक बड़ा गिरोह काम कर रहा है, जो लूट, डकैती की कई बड़ी वारदातों को अंजाम दे चुका है।
बताया गया कि मनीष उर्फ याहू बागपत-गाजियाबाद समेत आसपास के कई जनपदों में लूट की वारदात को अंजाम दिया करता था। उसने लूट व डकैती की एक दर्जन से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। पकड़े गए आरोपी को फिलहाल पुलिस ने जेल भेज दिया है और उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है। आरोपी के पास से जो बंदूक बरामद हुई है उसके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बता दें कि बावरिया जाति के लोग शामली के झिंझाना और राजस्थान के भरतपुर में हैं। इसी जाति के कुछ लोग गिरोह बनाकर लूट व डकैती जैसे अपराध करते हैं। वारदात करने के बाद पुलिस से बचने के लिए यह दूसरे शहर चले जाते है और पहचान बदलकर रहने लगते हैं। बागपत, शामली, मेरठ और आसपास के जिलों में अब तक बावरिया गिरोह की कई बड़ी वारदातें सामने आ चुकी हैं।