बिनौली स्थित बड़ावद गांव के जंगल में बृहस्पतिवार देर शाम नलकूप पर बैठकर शराब पी रहे युवक आपस में भिड़ गए। सचिन निवासी बड़ावद के सिर में गोली मार दी गई। घायल युवक का बड़ौत के अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। उधर, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी।
बड़ावद गांव निवासी सचिन कुमार बृहस्पतिवार देर शाम अपने दोस्त के नलकूप पर गया था, दोनों वहां पर शराब पीने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। बताया कि नलकूप मालिक के बेटे ने सचिन पर तमंचा तानकर गोली चला दी, जो सचिन के सिर में लगी। इसके बाद सचिन ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
वहां पहुंचे पुलिसकर्मी घायल सचिन को लेकर बिनौली सीएचसी पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार वालों ने सचिन का निजी अस्पताल में उपचार कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सचिन को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सचिन की हालत गंभीर बनी हुई है। इस मामले में बिनौली पुलिस का कहना है कि घटना की जांच शुरू कर दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।