चोरी का आरोपी दोघट थाने की दीवार फांदकर फरार हो गया। हालांकि 18 घंटे बाद उसे दोबारा पकड़ लिया गया।
निरपुड़ा गांव के जंगल में स्थित महादेव शिव मंदिर के महंत ओमगिरी ने बुधवार को थाने में तहरीर देकर गांव के ही युवक पर 16 हजार की नकदी चोरी करने का आरोप लगाया। वह चोरी करने के कुछ देर बाद ही शराब के ठेके के पास मिला और रुपयों के बारे में पूछने पर मारपीट पर उतारू हो गया।
बुधवार देर रात पुलिस आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले गई। बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे आरोपी ने लघुशंका के लिए जाने की बात कही। पुलिस कर्मी ने उसे शौचालय जाने के लिए कह दिया। पुलिस कर्मियों को चकमा देकर दीवार फांदकर थाने से भाग गया। थाने में अफरा-तफरी मच गई और पुलिसकर्मी उसकी तलाश में जुट गए। वहीं, आरोपी की मां ने बताया कि पुलिस उसके बेटे को पकड़कर ले गई थी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि युवक से पूछताछ की गई, उसने नकदी के बजाय 21 किलो गेहूं चोरी कर दुकान पर बेचने की बात कही।
उधर दिनभर की मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने आरोपी को बृहस्पतिवार शाम 18 घंटे बाद दोबारा पकड़ लिया। इस मामले में सीओ बड़ौत विजय चौधरी का कहना है कि थाने से भागने वाला आरोपी पकड़ा गया है। लापरवाही बरतने के मामले की जांच कराई जाएगी।