शहर के चमरावल मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मैकेनिक की करंट लगने के बाद जलकर मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब एक खनन करने वाले वाहन को मरम्मत के लिए जैक से उठाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, शहर के चमरावल मार्ग पर सेंट एंजेल्स स्कूल के पास मैकेनिक मोइन की दुकान पर खनन करने वाला ट्रक दुरुस्त होने के लिए आया हुआ था। मैकेनिक को बताए बिना चालक ने जैसे ही उसे जैक लगाकर ऊपर उठाया, ट्रक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आ गया। नीचे खड़े मोइन को जोर का करंट लगा और वह जलने लगा।
मोइन की चीख सुनकर लोग दौड़े, मगर कोई कुछ नहीं कर सकता। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने वाहन को चमरावल मार्ग से हटवाकर यार्ड में खड़ा कराया है।
परिवार की मांग
मोइन के परिवार वालों को घटना की सूचना दी गई तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।