अमीनगर सराय कस्बे के मुख्य बाजार में शनिवार रात चोरों ने किराना की दुकान को निशाना बनाया। दुकान की छत उखाड़कर चोर करीब दो लाख रुपये नकद और कीमती सामान ले उड़े। रविवार सुबह जब व्यापारी ने दुकान खोली तो चोरी का पता चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश जारी है।
दीपावली के दिन व्यापारी सुभाष चंद मित्तल ने अपनी दुकान खोली तो छत में सेंध देखकर वे हक्के-बक्के रह गए। आसपास के व्यापारी भी जमा हो गए। सुभाष चंद मित्तल ने बताया कि वे शनिवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार को दुकान खोलने पर चोरी का पता चला।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों की दुकानदारी के करीब दो लाख रुपये गल्ले में ही रखे थे, जो चोरी हो गए। इसके अलावा दुकान में रखे काजू, बादाम जैसे मेवे, देशी घी और अन्य सामान भी चोरी हो गया। व्यापारी ने बताया कि वह घर की तुलना में दुकान को अधिक सुरक्षित मानते थे, इसलिए नकदी दुकान में ही रख दी थी।
पुलिस की कार्रवाई और व्यापारियों की प्रतिक्रिया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने में जुटी है। घटना के खुलासे के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। इस घटना को लेकर कस्बे के व्यापारियों में भारी रोष है। युवा व्यापारी अमित बंसल ने कहा कि दीपावली जैसे महापर्व पर इतनी बड़ी चोरी पुलिस की लापरवाही को दर्शाती है। व्यापारियों ने घटना के शीघ्र खुलासे की मांग की है।
बेटी की शादी से पहले चोरी का झटका
व्यापारी सुभाष चंद मित्तल ने बताया कि 21 नवंबर को उनकी बेटी की शादी है। इसी वजह से वह ज्यादातर सामान और नकदी दुकान में ही रख रहे थे। अनिष्ट की आशंका से वह घर में नकदी नहीं रखते थे। बाजार में पुलिस गश्त के कारण वह दुकान को सुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन इतने बड़े त्यौहार के मौके पर लाखों रुपये की चोरी का झटका उन्हें लगा है। उन्होंने जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है।
ये भी देखें...
बागपत: हाईवे पर बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, दो मासूमों के सिर से उठाया पिता का साया; पत्नी का बुरा हाल