220 किलो सुतली बम और 45 किलो विस्फोटक बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान करीब 150 किलोग्राम तैयार सुतली बम और 25 किलोग्राम अधबने सुतली बम बरामद किए गए। इसके अलावा लगभग 45 किलोग्राम उच्च तीव्रता वाला विस्फोटक पदार्थ भी मिला।
मौके से विस्फोटक तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी जब्त की गई। इसमें करीब 480 किलोग्राम गत्ते के खोल, लगभग 200 किलोग्राम सुतली की रील, करीब 60 किलोग्राम अखबारी कागज और बमों में इस्तेमाल होने वाला पलीता शामिल है।
इसके अतिरिक्त लगभग 10 किलोग्राम पॉलीथिन, रबर बैंड के दो पैकेट, एक तराजू, दो कैंची, एक छोटा नीला प्लास्टिक ड्रम और कटी हुई प्लास्टिक की बोतल समेत अन्य सामान भी पुलिस ने कब्जे में लिया।
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, जिस मकान से विस्फोटक सामग्री मिली है, वह स्वर्गीय इंद्रपाल का है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यहां कब से विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी और इस काम में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
मामले में फरार बताए गए व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस बरामद सामग्री और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद अवैध कारोबार के नेटवर्क को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।