खेकड़ा/रटौल। घने कोहरे के चलते ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर कैंटर, ट्रक समेत कई वाहनों की आपस में भिड़ंत हो गई, इसमे 15 लोग घायल हो गए। पुलिस और राहगीरों ने घायलों का सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार कराया।
विज्ञापन
टक्कर लगने के बाद क्षतिग्रस्त हुई कार।
- फोटो : अमर उजाला
फतेहपुर बांदा का रहने वाला चालक अरविंद सिंह बृहस्पतिवार रात हरियाणा से ट्रक में मिट्टी लेकर गाजियबाद जा रहा था। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर सरफाबाद गांव के समीप घना कोहरा होने के कारण अरविंद का ट्रक किनारे खड़े ट्रक से भिड़ गया। ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया और अरविंद ट्रक के केबिन में फंस गया। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहां पहुंचे पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद अरविंद को केबिन से निकालकर जिला अस्पताल में उपचार कराया। क्षतिग्रस्त ट्रकों को साइड में खड़ा कराया।
हादसे के बाद ट्रक में फंसा चालक।
- फोटो : अमर उजाला
इसके अलावा रटौल ढिकौली मार्ग पर खासपुर चौराहे पर पांची गांव के संदीप और राजन की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहां से गुजर रहे जिपं सदस्य मनुपाल बंसल ने घायलों को उठाकर निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया। वहां से दोनों को रेफर कर दिया गया।
वहीं लोनी के रहने वाले दो सगे भाई समीर और आदिल शुक्रवार को कार में सवार होकर बागपत से लौट रहे थे। दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर खेकड़ा तहसील के सामने घने कोहरे के कारण उनकी कार एलिवेटिड मार्ग पर लगाए गए पत्थरों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में समीर और आदिल घायल हो गए।
हरियाणा के कुंडली का रहने वाला तुषार अपने दोस्त हर्ष के साथ जन्मदिन की पार्टी के लिए खेकड़ा आ रहा था। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस वे पर यमुना पुल के पास घने कोहरे के कारण मार्ग किनारे खड़े कैंटर से उनकी कार भिड़ गई। कार सवार हर्ष और उसका साथी तुषार घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया।
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर रिवर पार्क के समीप तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में पुराना कस्बा निवासी जमील, शाहरुख और उसका भतीजा आसिम घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। राहगीरों ने निजी चिकित्सक के यहां घायल का उपचार कराया।
विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरा अधिक होने पर वाहन को किसी सुरक्षित जगह लगा दें, यात्रा न करें। वहीं निजी वाहन से कहीं जा रहे हैं तो पहले ही मौसम का अनुमान देख लें, उसके बाद ही कहीं जाने का प्लान बनाएं। वाहन चालक डिफॉगर जरूर लगवाएं।