कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी को अश्लील वीडियो वायरल होने के मामले में पद से हटाए जाने के बाद अब पुलिस का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। जिस युवती के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष अश्लील हरकत कर रहा था, अब उसकी मां ने बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने यूनुस की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष घर से फरार है।
विज्ञापन
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे यूनुस चौधरी की एक अश्लील वीडियो कई दिन पहले वायरल हुई थी। उसमें वह एक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दिया। यह मामला अखबारों की सुर्खियां बनने के बाद पार्टी हाईकमान ने इस पर संज्ञान लिया और प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने यूनुस को जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया।
वहीं इस मामले में अब बड़ौत की रहने वाली युवती की मां ने शनिवार रात पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। युवती की मां का आरोप है कि उसकी बेटी आठ सितंबर को घर में अकेली थी। इसका पता चलने पर यूनुस चौधरी उनके घर पहुंच गया और उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकत करने लगा। उनकी बेटी ने अपनी मां के घर आने का हवाला दिया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। सीओ विजय चौधरी ने बताया कि युवती की मां की तहरीर पर यूनुस चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसको तलाश किया जा रहा है।
यूनुस चौधरी ने करा दी पार्टी की फजीहत
अश्लील वीडियो आने के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष यूनुस चौधरी के साथ ही कांग्रेस की खूब फजीहत हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग कांग्रेस पर सवाल उठा रहे हैं कि इस तरह के नेताओं को पार्टी में जिम्मेदारी का पद कैसे सौंपा जाता है। वहीं मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस उसकी तलाश में लग गई है और यूनुस चौधरी घर से फरार हो गया है।
पार्टी से निकालने की तैयारी
इस पूरे मामले में अभी तक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय ने यूनुस चौधरी को केवल जिलाध्यक्ष के पद से हटाया था, मगर अब मुकदमा दर्ज होने के बाद कांग्रेस की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। इसको देखते हुए पूरी रिपोर्ट मांगी गई है, जिससे यूनुस चौधरी को पार्टी से निकालने की बात कही जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश के महासचिव नवाब अहमद हमीद का कहना है कि मुकदमे की रिपोर्ट हाईकमान को पहुंच गई है और पार्टी से निकालने को लेकर प्रदेशाध्यक्ष फैसला लेंगे।
राज्यमंत्री कपिल देव ने उठाई कड़ी कार्रवाई व निष्कासन की मांग
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस मामले में बयान दिया कि राजनीतिक व सामाजिक लोगों का इस तरह का कृत्य निंदनीय है। इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ्ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए।
राहुल गांधी व प्रियंका के साथ फोटो भी हो रहे वायरल
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहे यूनुस चौधरी की अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने उसके सांसद राहुल गांधी व प्रियंका के साथ फोटो वायरल करने शुरू कर दिए। यहां तक कहा जा रहा है कि वह अन्य पदाधिकारियों पर राहुल व प्रियंका से करीबी होने की बात कहकर दबाव बनाता था।