बड़ौत में शॉर्ट सर्किट से एक कपड़े के शोरूम में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में तीन घंटे का समय लगा। आग लगने से 30 लाख का नुकसान हुआ है।
उत्तर प्रदेश के बड़ौत में आजाद नगर कॉलोनी में एक कपड़े के शोरूम में रविवार रात को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। मलकपुर गांव निवासी रामनिवास के रेडीमेड कपड़ों के शोरूम में लगी आग से लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
आग की लपटें और धुएं को देखकर कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिराकर आग बुझाने का प्रयास किया। जब दुकान का शटर खोला गया तो हवा लगने से आग और भड़क गई। स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल पंप और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके।
सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक रामनिवास ने बताया कि आग से उनका लगभग 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना से आसपास के अन्य व्यापारियों में भी दहशत का माहौल है।