खेकड़ा कस्बे की एक कॉलोनी में गंदे जूते लेकर घर में घुसने से क्षुब्ध पुत्रवधू ने अपने ससुर की झाडू से पिटाई कर दी। वहां पर हंगामा बढ़ने पर पुत्रवधू अपने कमरे में जाकर फंदे पर लटक गई। परिवार वालों ने फंदा काटकर उसे नीचे उतारा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जिला अस्पताल पहुंचे खेकड़ा निवासी बाइक मैकेनिक के बुजुर्ग पिता ने बताया कि उसकी पुत्रवधू सोमवार की सुबह घर में साफ-सफाई कर रही थी, तभी वह गंदे जूते लेकर घर के अंदर चला गया। आरोप लगाया कि घर में गंदगी देखते ही पुत्रवधू भड़क गई और हंगामा शुरू कर दिया।
इसके बाद पुत्रवधू ने झाडू उठाकर उसे पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग वहां आ गए और उसे बचाया। मोहल्ले के लोगों ने पुत्रवधू पर गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया तो इससे क्षुब्ध होकर वह कमरे में चली गई। परिवार वालों ने कमरे में अंदर जाकर देखा तो पुत्रवधू फंदे पर लटकी हुई मिली।
उन्होंने किसी तरह उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी पुत्रवधू को घर भेज दिया। उधर, कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में अभी तहरीर नहीं मिली, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।