शहर के सिसाना मार्ग पर जैन इंटर कॉलेज के निकट खचेडू भवन की गली में कुत्ते की दहशत है। लोग घरों से निकलने में भी डर रहे हैं। बच्चों पर सबसे अधिक खतरा मंडरा रहा है।
शहर के सिसाना मार्ग पर जैन इंटर कॉलेज के निकट एक कुत्ते ने आठ बच्चों को काटकर घायल कर दिया। कुत्ता गली के बाहर बैठ गया और उसकी दहशत में गली में रहने वाले 20 परिवार चार घंटे तक घरों में कैद रहे। युवकों ने किसी तरह कुत्ते को जंगल में छोड़ा तो वह वापस आ गया। इसके बाद उसे पकड़वाने की नगर पालिका से मांग की गई।
विज्ञापन
खचेडू भवन निवासी विक्रांत, छोटू, आकाश आदि ने बताया कि काफी समय से एक मादा कुत्ता उनकी गली के बाहर सड़क पर रहता है। उस कुत्ते ने पिछले दिनों हेड कांस्टेबल अंचलेश कुमार के दो बेटों अगम सिंह और आरव पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उनके चेहरे पर काट लिया तो उनका दिल्ली के अस्पताल में उपचार कराना पड़ा।
बताया कि मादा कुत्ते ने बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद से वह ज्यादा हिंसक हो गया। आसपास से गुजरने वाले बच्चों और लोगों को काटता है। रविवार दोपहर कुत्ते और उसके छोटे बच्चे गली के गेट पर आ गए और वहीं पर डेरा डालकर बैठ गए। उसने शौर्य, वीर, अनुज, अंकित, गुड्डू समेत अन्य को काटकर घायल कर दिया। इसके बाद गली से कोई आवागमन नहीं कर पाया। चार घंटे से अधिक समय तक लोग अपने घरों में रहे। बाद में युवाओं ने किसी तरह खुद ही कुत्ते और उसके बच्चों को पकड़कर जंगल में छोड़ा। वहीं बच्चों का उपचार कराया।
जंगल में छोड़ने के थोड़ी देर बाद वापस लौट आया कुत्ता
खचेडू भवन में रहने वाले युवाओं ने परेशान होकर खुद ही कुत्ते को पकड़ लिया और दूर ले जाकर जंगल में छोड़ आए। इसके थोड़ी देर बाद ही कुत्ता वापस गली के बाहर आकर बैठ गया। इस तरह वहां लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने उसे पकड़वाने की मांग की।
हाथ में डंडा और खाने का सामान लेकर निकलना पड़ रहा
कुत्ते के डर से गली में रहने वाले लोगों को बाहर जाने के लिए अपने हाथ में डंडा और खाने का सामान लेकर आना पड़ रहा है, क्योंकि कुत्ते के भोंकते ही उसे खाने का सामान डालकर चुप कराकर वहां से निकल रहे हैं। उधर, बच्चों को अकेला बाहर भेजना भी बंद कर दिया है। मगर उन पर खतरा मंडरा रहा है।
ये बोले अधिकारी
कुत्तों को इंजेक्शन लगाने के लिए ब्लॉक परिसर में अभियान चलाया जा रहा है। खचेडू भवन के पास रहने वाले कुत्ते को पकड़वाकर एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया जाएगा। - केके भड़ाना, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका