बिजवाड़ा गांव निवासी विकास रिकवरी एजेंट था। पास के ही गांव की महिला और उसके पति ने विकास से एक लाख रुपये लिए थे, लेकिन लौटा नहीं रहे थे। मांगने पर धमकी दे रहे थे। इससे परेशान होकर विकास ने जान दे दी। पुलिस जांच कर रही है।
पड़ोस के गांव की रहने वाली महिला और उसके पति के ब्लैकमेल करने से तंग होकर फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट विकास (34) निवासी बिजवाड़ा ने फंदे पर लटककर जान दे दी। इससे आहत उसकी बहन रश्मि ने जान देने के लिए बिजली का तार पकड़ लिया। करंट लगने से वह भी झुलस गई, जिसका बड़ौत के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
बिनौली स्थित बिजवाड़ा गांव के वीरेंद्र तोमर ने बताया कि उसका छोटा बेटा विकास चार साल से फाइनेंस कंपनी में रिकवरी एजेंट था। कुछ समय पहले पड़ोस के एक गांव की महिला विकास के संपर्क में आई, जो स्वयं सहायता समूह का संचालन करती है। आरोप लगाया कि महिला ने अपने पति के साथ मिलकर विकास को झांसे में लेकर एक लाख रुपये ले लिए। विकास ने किसी अन्य युवक से उधार लेकर दिए थे। आरोप लगाया कि महिला और उसके पति ने मांगने पर रुपये वापस देने से मना कर दिया। साथ ही झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
इसके बाद विकास से एक जानकार का लोन भी कराया। आरोप है कि शनिवार को महिला और उसके पति ने विकास को फोन करके अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए मोबाइल का सिम तोड़ने के लिए कहा। जिसकी रिकॉर्डिंग विकास के मोबाइल में मिली। आरोप लगाया कि महिला और उसके पति के ब्लैकमेल करने से परेशान होकर विकास ने शनिवार को घर की दूसरी मंजिल पर पंखे पर रस्सी बांधकर फंदे पर लटककर जान दे दी।
परिवार वाले वहां पहुंचे तो विकास का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। विकास के आत्महत्या करने के बाद भी महिला ने फोन करके जानकारी ली। वीरेंद्र तोमर ने महिला और उसके पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को विकास का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर, विकास की मौत से आहत उसकी बहन रश्मि ने बिजली का तार पकड़कर जान देने का प्रयास किया। करंट लगने से रश्मि झुलसकर बेहोश हो गई, जिसका बड़ौत के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
दो भाइयों में छोटे थे विकास
वीरेंद्र तोमर ने बताया कि विकास दो भाइयों में छोटे थे। विकास की मौत के बाद उनके परिवार में पत्नी मुकेश, बड़ा बेटा राहुल, बेटी रश्मि रह गए हैं। विकास ने पहले कभी इस बारे में नहीं बताया, उनको मोबाइल की रिकॉर्डिंग से जानकारी हुई। अगर वह बता देता तो समाधान निकालकर उसकी जान बचा लेते।
ये बोले एसपी
युवक के आत्महत्या करने के मामले में शिकायत और रिकॉर्डिंग मिल गई है। इस मामले में कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जिस तरह के भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -सूरज कुमार राय, एसपी