सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में पहुंचे पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ठाकुर बृजभूषण शरण सिंह ने यूजीसी और विपक्षी दलों पर तीखे बयान दिए। उन्होंने कहा कि यूजीसी न आया है और न आगे आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी को विदेश से फंडिंग मिल रही है और उनके आंदोलन खुद के नहीं, बल्कि विदेशी फंडिंग से संचालित हो रहे हैं।
ठाकुर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुछ लोग वाई-प्लस सुरक्षा लेकर घूम रहे हैं और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को गाली देकर समाज को खंड-खंड करने का काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब वह देश की दुर्दशा देखते हैं तो दुख होता है। कांग्रेस के युवा नेता 55 वर्ष के हो गए हैं। यदि विपक्ष ने सही भूमिका निभाई होती तो देश का विकास और बेहतर होता।
उन्होंने विपक्ष के नेता की तुलना बंदर के नाच से करते हुए कहा कि कभी इधर तो कभी उधर कूदते रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके बाबा वर्ष 1952 में कांग्रेस से विधायक रहे थे। कांग्रेस उनके बाबा की पार्टी रही है, लेकिन आज पार्टी की स्थिति देखकर दुख होता है।
इससे पहले ब्रजभूषण का हेलीकॉप्टर हरीश चौधरी के फार्म हॉउस पर उतरा। वहां उनका स्वागत भाजपा नेता हरीश चौधरी, करतार गुर्जर, भाकियू जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर, नवीन भाटी, जोगेंद्र प्रधान आदि ने किया।
ये भी देखें...
वेस्ट यूपी का मौसम: दोपहर को धूप, सुबह-शाम हो रहा ठंड का अहसास, इस जिले में सबसे ज्यादा प्रदूषण