खेकड़ा कस्बे के मोहल्ला शेखपुरा में पानीपत से बरात लेकर दूसरा निकाह करने पहुंचे दूल्हे की पहली पत्नी ने पहुंचकर पिटाई कर दी। मामला कोतवाली पहुंचा तो वहां दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। पुलिस ने दूल्हे, उसके पिता समेत चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
कस्बे में एक व्यक्ति की बेटी की मंगलवार सुबह बरात पानीपत से आई थी। निकाह पढ़वाने की रस्म चल रही थी। तभी पानीपत से एक युवती पहुंच गई और वह खुद को दूल्हे की पहली पत्नी बताने लगी। उसने सभी के सामने दूल्हे की पिटाई करनी शुरू कर दी। बरातियों और घरातियों ने बीच बचाव कराकर पूरे मामले की जानकारी की।
उसने बताया कि उसके व दूल्हे के बीच प्रेम प्रसंग था और दूल्हे ने पहले से उसके साथ निकाह किया हुआ है। इसके बाद भी वह दूसरा निकाह करने के लिए यहां पहुंच गया। इसके बाद युवती ने दूल्हे पर दूसरा निकाह करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में पहुंचकर शिकायत कर दी। तभी दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोग भी कोतवाली पहुंच गए और वहां दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।
पुलिस ने मामला शांत कराते हुए दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पानीपत से बरात लेकर दूसरा निकाह करने पहुंचे दूल्हे, उसके पिता समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली के युवक संग हुआ दुल्हन का निकाह
पानीपत से बरात लेकर आए दूल्हे पर दूसरा निकाह करने का आरोप लगा और वह कोतवाली में हवालात में बंद हो गया तो दुल्हन का निकाह करने के लिए युवक की तलाश की गई। रिश्तेदारी में दिल्ली के एक युवक से निकाह तय किया गया और तुरंत ही निकाह भी कराया गया। पानीपत से आई बरात को दुल्हन के परिजनों ने वापस लौटा दिया।