दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर पाली गांव के समीप स्थित पताशा बनाने की फैक्टरी में जांच करने पहुंची जीएसटी टीम पर फैक्टरी मालिक सुनील ने अपने भाई अनिल के साथ मिलकर हमला कर दिया। फैक्टरी मालिक बलकटी लेकर जीएसटी टीम के सदस्यों को काटने के लिए दौड़ पड़ा। उससे बलकटी छीनी, मगर सिपाही मोहित कुमार की वर्दी फाड़ दी। सिपाही की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनिल को गिरफ्तार किया।
जीएसटी टीम में तैनात सिपाही मोहित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को असिस्टेंट कमिश्नर गगन विहारी, राज्यकर अधिकारी आरएस खन्ना, साथी सिपाही मोनू और चालक नरेश कुमार के साथ खेकड़ा से वापस लौट रहे थे। रास्ते में पाली गांव के समीप हाईवे किनारे स्थित पताशा बनाने की फैक्टरी में ट्रक से चीनी उतारी जा रही थी।
उन्होंने वहां जाकर ट्रक चालक से पूछताछ की तो उसने बुढ़ाना से लोनी चीनी लेकर जाने की बात बताई, मगर चीनी पाली गांव के पास उतारी जा रही थी। जीएसटी चोरी के शक में चालक से कागज मांगे गए तो पताशा फैक्टरी के मालिक सुनील और अनिल ने उनके साथ गाली-गलौज कर फैक्टरी से भगाना शुरू कर दिया।
इसके बाद दोनों भाई लाठी-डंडे और बलकटी ले आए और उन पर हमला कर दिया। एक हमलावर बलकटी से उन पर हमला करने के लिए दौड़ा तो टीम ने भागकर जान बचाई। इसके बाद घेराबंदी कर फैक्टरी मालिक से बलकटी छीनकर पुलिस को बुलाया। पुलिस फैक्टरी मालिक के भाई अनिल को पकड़कर कोतवाली ले आई।
उधर, सिपाही की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जीएसटी टीम पर बलकटी से हमला करने, वर्दी फाड़ने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में अनिल और उसके भाई सुनील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस आने से पहले फैक्टरी पर ताला लगाकर भागा एक आरोपी
जीएसटी टीम ने एक आरोपी अनिल को पकड़कर पुलिस को बुला लिया। वहां पुलिस के पहुंचने से पहले ही दूसरा आरोपी सुनील फैक्टरी का ताला लगाकर भाग गया। जीएसटी टीम में तैनात सिपाहियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
बिल से अधिक माल भेजकर हो रही जीएसटी चोरी
जिले में जीएसटी चोरी का खेल बड़े स्तर पर चल रहा है, इसमें जिले में संचालित फैक्टिरयों और फर्मों में बाहर जाने वाले ट्रकों में बिल से अधिक माल लदवाकर जीएसटी चोरी की जा रही है। इसको लेकर जीएसटी के अफसर चेकिंग के दौरान माल उतरवाकर भी देखते हैं। जिसमें कई बार जीएसटी चोरी पकड़ी जाने पर जुर्माना वसूला जा चुका है, लेकिन इस तरह के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे। शुक्रवार को पाली गांव के समीप फैक्टरी में उतारी जा रही चीनी का बिल लोनी की फर्म के नाम बना हुआ था, जबकि चीनी पाली में उतारी जा रही थी।
ट्रक सीज और फैक्टरी पर जीएसटी चोरी की कार्रवाई होगी
पााली गांव के समीप फैक्टरी में जीएसटी चोरी के शक में पहुंची टीम पर हमला होने के बाद विभागीय कार्रवाई भी शुरू हो गई। इसमें लोनी जिला गाजियाबाद की फर्म के बिल पर बुढ़ाना से लाई गई चीनी पाली की फैक्टरी में उतारने के मामले में ट्रक पर भी कार्रवाई की जाएगी, जिसे सीज किया जाएगा। इसके अलावा जीएसटी चोरी के शक में जांच भी शुरू करा दी गई है। इसमें फैक्टरी मालिक के खिलाफ जीएसटी चोरी में कार्रवाई की जाएगी।
सीओ ने ये कहा
जीएसटी टीम पर हमला करने के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसकी जांच शुरू करा दी गई है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -
श्रेष्ठा ठाकुर, सीओ, बागपत