बड़ौत की अर्जुनपुरम कालोनी में रहने वाले अशोक कुमार ने 29 फरवरी को साइबर थाने में शिकायत देकर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया। अशोक ने आरोप लगाया कि उसके व्हाट्सएप पर कॉल कर एक व्यक्ति ने खुद को पुलिस वाला बताकर भांजे को दुष्कर्म के मुकदमे में गिरफ्तार करने की जानकारी दी।
आरोप लगाया कि व्हाट्एएप पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने भांजे को छोड़ने के बदले रुपयों की मांग की। जिसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में उससे पांच लाख 42 हजार रुपये डलवा लिये। बाद में भांजे से बातचीत होने पर उन्हें धोखाधड़ी होने का पता चला। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जांच के बाद मोहम्मद आशिक निवासी मीरपुर बहानपुर जनपद पीलीभीत को गिरफ्तार कर लिया। जो आठवीं पास है और वर्तमान में रघुनाथपुरी विजयनगर जनपद गाजियाबाद में रहकर एक होटल में खाना परोसने वाले कर्मियों की देखरेख करता है। गिरफ्तार आरोपी से मोबाइल, पैनकार्ड, आधार कार्ड और चेकबुक बरामद की गई। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
जिनके खाते में रुपये डलवाये, वे भी फंसेंगे
गिरफ्तार आशिक ने ठगे गए रुपये कई बैंक खातों में डलवाए, उसके गिरोह में कई युवक शामिल हैं। पुलिस की मानें तो जिनके खातों में रुपये डलवाकर निकाले गए, जांच में उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।