पुसार गांव में नशे के आदी सूरज ने घर सामान चोरी कर बेच दिया। दादी ने विरोध तो उसके साथ गालीगलौज की और फावड़े से गर्दन काट दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नशे के लिए घर से सामान चोरी करने का विरोध करने पर सूरज ने रिश्ते की दादी फूलो देवी (85) की फावड़े से गर्दन काटकर हत्या कर दी। मंगलवार देर शाम उसका खून से लथपथ शव घर में पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने हत्यारोपी रिश्ते के पौत्र सूरज को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया।
विज्ञापन
हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच करती हुई।
- फोटो : अमर उजाला
पुसार गांव निवासी विधवा महिला फूलो देवी अकेली अपने मकान में रहती थी, जबकि उसके देवर का बेटा प्रेम अपने परिवार के साथ पड़ोस में रहता है। प्रेम का बेटा सूरज नशेड़ी किस्म का है। उसने मंगलवार दोपहर नशा करने के लिए फूलो देवी के घर से लोहे का सामान और बर्तन चोरी कर लिए। उसे फूलो देवी ने देख लिया और धमकाते हुए चोरी करने का विरोध किया। इसको लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया और दिन में कई बार उनके बीच गाली-गलौज भी हुई।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे फूलो देवी अपने घर में बैठी हुई थी, तभी सूरज फावड़ा लेकर घुस आया और उसकी गर्दन पर फावड़े से वार कर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद सूरज अपने घर चला गया। गांव के लोग फूलो देवी से मिलने पहुंचे तो उसका खून से लथपथ शव पड़ा हुआ मिला।
सूचना मिलने पर वहां आए पुलिसकर्मियों ने आसपास के लोगों से जानकारी हासिल की तो आखिरी बार सूरज के घर से बाहर जाने के बारे में पता लगा। पुलिस ने सूरज को पकड़कर पूछताछ की तो उसने फावड़े से हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, देर रात एसपी सूरज कुमार राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के सामने सूरज ने पिता को हत्या की धमकी दी
फूलो देवी का हत्यारोपी सूरज नशेड़ी किस्म का है, जो दिनभर जंगल में सुल्फा और शराब पीता रहता है। कई बार वह अपने परिवार वालों के साथ भी मारपीट कर चुका है। मंगलवार रात पुलिस ने हत्यारोपी सूरज को पकड़कर पूछताछ की तो उसने पुलिस के सामने अपने पिता प्रेम को भी हत्या करने की धमकी दी। सूरज कहने लगा कि हत्या तो प्रेम की भी करनी थी, लेकिन मार नहीं पाया।
भूत आ गए थे मुझ पर, इसलिए मार दी
पुलिस ने सूरज से हत्या करने का कारण पूछा तो उसने कुछ भी पता होने से इंकार कर दिया। इसके बाद खुद ही कहने लगा कि मुझ पर भूत आ गए थे, इसलिए फूलो देवी को मार दिया। पकड़ा गया हत्यारोपी नशे में बताया गया।