गिरफ्तार किया आरोपी। सांकेतिक तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
बेहट कस्बे से ट्यूशन पढ़कर पैदल गांव लौट रही कक्षा 11 की छात्रा को एक युवक ने बीच रास्ते टेंपो में जबरन खींच लिया। छात्रा के शोर मचाने पर पीछे से बाइक पर आ रहे गांव मुर्तजापुर निवासी संजय व उनके बेटे अर्पित ने टेंपो का पीछा किया और उसे रोककर छात्रा को सकुशल बाहर निकाला। इस दौरान आरोपी ने चाकू से संजय और अर्पित पर वार किए। अर्पित तो बच गया, लेकिन संजय घायल हो गए। बाद में ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
छात्रा मंगलवार शाम करीब चार बजे कस्बे से ट्यूशन पढ़कर पैदल अपने गांव लौट रही थी। आरोप है कि पूर्वी यमुना नहर का पुल पार करने के बाद बेहट की इंदिरा कॉलोनी निवासी दूसरे समुदाय का युवक टेंपो लेकर पहुंचा और उसने छात्रा को जबरन टेंपो में खींच लिया।
छात्रा का शोर सुनकर संजय और अर्पित ने टेंपो का पीछा कर रोक लिया। आरोपी ने टेंपो में रखा चाकू उठाकर संजय के हाथों पर वार कर दिए। शोर सुनकर आसपास बागों में आम तोड़ रहे ग्रामीण भूपेंद्र, अमन, विपिन व अक्षय आदि वहां पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस उसे हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। जिला संयोजक अनुज सैनी ने सीओ व इंस्पेक्टर के सीयूजी नंबर पर कॉल रिसीव न होने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस मदद के लिए पहुंची।
भीड़ भी आरोपी के पीछे कोतवाली पहुंच गई थी। छात्रा के पिता की तरफ से आरोपी को नामजद कर तहरीर दी गई है। जांच अधिकारी प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है।
ये भी देखें...
Muzaffarnagar: एक महीने के लिए किराए पर ली दुकान, खोली फर्जी फर्म, फिर ऐसे ठगे 91 लाख; गिरफ्तार