सऊदी अरब में एक मालवाहक जहाज पर तैनात बसौद निवासी यूसुफ (46) की सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। उनका शव सऊदी अरब के जेद्दा शहर के एक अस्पताल में रखा गया है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को भारत लाया जाएगा।
बसौद गांव निवासी परवेज अहमद ने बताया कि उनके दोस्त यूसुफ पिछले 20 साल से मर्चेंट नेवी से जुड़े निजी मालवाहक समुद्री जहाज पर क्रू मेंबर के रूप में काम कर रहे थे। रविवार रात यूसुफ सऊदी अरब के समुद्र में जहाज पर ड्यूटी पर थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द होने लगा। साथी कर्मियों ने तुरंत इसकी शिकायत की।
उन्हें हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर सऊदी अरब के जेद्दा शहर के अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने यूसुफ को मृत घोषित कर दिया। यूसुफ के परिवार में पत्नी शकीला, बेटे असद, समद, बेटी अलीशा और तीन भाई हैं। परवेज अहमद ने बताया कि यूसुफ का शव अभी सऊदी अरब में ही है। जेद्दा एयरपोर्ट पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद शव को भारत भेजा जाएगा। भारत पहुंचने पर शव को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।