Triple Murder: गांगनौल में मुफ्ती की पत्नी और दो बेटियों की हत्या के बाद पहुंची पुलिस का लोगों ने विरोध कर दिया था। आरोप है कि पुलिस पर हमला किया और वर्दी फाड़ी गई। केस दर्ज होने के बाद अब आरोपियों की तलाश की जा रही है।
गांगनौली गांव में मुफ्ती इब्राहिम की पत्नी इसराना और दोनों बेटियों सोफिया व सुमइया की हत्या के बाद बवाल करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की गई। इसमें एसआई प्रांशु राजपूत की तहरीर पर पुलिस पर हमला करने, वर्दी-बैज फाड़ने, गाड़ी में तोड़फोड़ और पथराव करने के आरोप में सपा के छपरौली विधानसभा अध्यक्ष सुरेंद्र उर्फ सुन्दर समेत 29 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
विज्ञापन
गांगनौली गांव में शनिवार को हुए तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो मस्जिद के बाहर लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने दो घंटे तक पुलिस को शव नहीं उठाने दिए और वहां बवाल किया गया। वहां काफी खींचतान होने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए थे।
इस मामले में एसआई प्रांशु राजपूत ने रविवार रात को थाने में मुकदमा दर्ज कराया कि गांगनौली गांव की जामा मस्जिद के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। वहां पर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए वर्दी, बैज फाड़कर फेंक दिए और सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। पथराव भी किया गया और इस तरह वहां जाम की स्थिति बन गई।
इस मामले में जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि घटना के वीडियो और फोटो देखकर आरोपियों की पहचान की गई। इसमें 29 नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। अन्य आरोपियों की पहचान भी जल्द कर ली जाएगी और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दस महिलाएं भी मुकदमे में आरोपी बनाई गईं
पुलिस ने सपा नेता सुरेंद्र उर्फ सुंदर, उमर, कय्यूम, शाकिर पुत्र बाबू, शमीम, शाकिर पुत्र सगीर, दानिश, नसीम, अलताफ, साबिर, मेहरूद्दीन, आबिद, समीर, जमशेद, तामिल, भूरा, शब्बीर, मोमीन, अलीशेर, शब्बीरी, मोहिनी, सानिया, शहनाज, नफीशा, शहजादी, सुमैय्या, रूबीना, मुन्नी, रूकसाना और 60 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इस तरह दस महिलाएं भी नामजद हुई हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। वायरल हो रही वीडियो में हंगामा करने वाले भी पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही भूमिगत हो गए हैं।
सांसद और रालोद विधायक ने मुफ्ती को सांत्वना दी
गांगनौली गांव में तिहरे हत्याकांड के बाद सोमवार को सांसद डा. राजकुमार सांगवान, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, जिला पंचायत सदस्य बसंत तोमर, कांग्रेस नेता राम हरि पंवार, देवेंद्र चौहान समेत अन्य पदाधिकारी मुफ्ती इब्राहिम को सांत्वना देने पहुंचे। उन्होंने मुफ्ती इब्राहिम से मिलकर सांत्वना दी। इनके अलावा रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद ने रविवार देर शाम गांगनौली पहुंचकर सांत्वना दी। वहीं तीसरे दिन मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस बल भी हटा लिया गया।