बागपत के जोहड़ी गांव में 80 वर्षीय बलजोर अपनी तेरहवीं की रस्म जीते जी निभा रहे हैं। आमतौर पर मृत्यु के बाद होने वाले इस आयोजन के लिए उन्होंने रविवार का दिन तय किया है। हवन के बाद करीब 900 लोगों के लिए भोज रखा गया है। साथ ही वह अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंपेंगे।
भोज तैयार करते हलवाई।
- फोटो : अमर उजाला
जोहड़ी गांव निवासी बलजोर पुत्र कनक सिंह के घर पर दो दिन से ही भोज की तैयारियां चल रही हैं। आयोजन के लिए आठ हलवाई लगाए गए हैं। घर में बड़े कड़ाहों में सब्जियां तैयार की जा रही हैं। पूड़ी, रायता और लड्डू समेत कई तरह के पकवान बनाए जा रहे हैं। रविवार सुबह हवन हुआ और दोपहर में क्षेत्र के करीब 900 लोग भोज में शामिल होंगे।
बलजोर ने बताया कि उन्होंने जीवनभर समाज के लोगों के साथ मेलजोल रखा और उनके सुख-दुख में शामिल होते रहे। वह भी कई लोगों के यहां आयोजित भोज में शामिल हुए हैं। अब उनकी इच्छा है कि अपने जीवनकाल में ही समाज के लोगों को एक साथ बैठाकर भोजन कराएं। वह इस आयोजन को अपनी आंखों से देखना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने अपनी तेरहवीं की रस्म जीते जी करने का निर्णय लिया।
भोज के बाद नाती को सौंपेंगे पगड़ी
आयोजन में पगड़ी की रस्म भी होगी। बलजोर को पगड़ी बांधी जाएगी, जिसे वह अपने नाती मुकुल को सौंपेंगे। इस तरह परिवार की जिम्मेदारी और सम्मान की परंपरा उनकी मौजूदगी में आगे बढ़ेगी। बलजोर के परिवार में बेटी पिंकी, दामाद सुखपाल, तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं। उनके पास दो बीघा कृषि भूमि और अपना मकान है। बलजोर के दामाद सुखपाल ने बताया कि परिवार उनकी इच्छा के साथ है। आयोजन की सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। गांव में इस अनोखे आयोजन को लेकर लोगों के बीच चर्चा है।
ये भी देखें...
मेरठ: मुस्लिमों को साधने के लिए ओवैसी ने हर दांव चला, याद दिलाया हाशिमपुरा व मलियाना कांड और मुजफ्फरनगर दंगा