युवक के डूबने की सूचना पर पहुंचे लोग और पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मिलाना झूंड़पुर गांव के बीच हिंडन नदी में नहाने गए चार दोस्त तेज बहाव में बह गए। तीन दोस्त किसी तरह हिंडन नदी से निकल गए, जबकि तमेलागढ़ी गांव का आकाश (20) लापता हो गया। पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तलाश में जुट गई है।
तमेलागढ़ी गांव के चार दोस्त आजाद, वीरेन, बादल और आकाश सोमवार दोपहर मिलाना-झूंड़पुर गांव के बीच हिंडन नदी में नहाने गए थे। नहाते समय हिंडन का जलस्तर बढ़ने लगा और पानी का बहाव तेज हो गया। चारों दोस्त नदी में डूबने लगे। आजाद, वीरेन और बादल किसी तरह बचकर नदी से निकल गए, लेकिन आकाश बाहर नहीं आ सका। वह देखते ही देखते हिंडन नदी के पानी के साथ नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद तीनों दोस्तों ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर परिजन हिंडन नदी किनारे पहुंचे। इसके बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम नदी में तलाश में जुट गई। लापता आकाश मजदूरी करता था।
हिंडन किनारे लगा ग्रामीणों का जमावड़ा
हिंडन नदी में युवक के डूबने का पता चलते ही मिलाना, झूंडपुर समेत कई गांवों के ग्रामीण किनारे पर पहुंच गए। दिनभर ग्रामीणों का जमावड़ा लगा रहा। स्थानीय गोताखोर भी लापता युवक की तलाश में जुटे थे। देर रात तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था।