बागपत। यूपी-हरियाणा बॉडर स्थित निवाड़ा पुल पर बदायूं के एक मजदूर ने पीआरवी 112 पर फोन कर यमुना में कूदने की धमकी दे दी। इस पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बाद में पुलिस ने रोडवेज बस से युवक को पेरिफेरल के लिए भेज दिया।
शनिवार को शाम करीब छह बजे हरियाणा के रोहतक से आए मजदूर रतन पुत्र राजेश्वर ने पीआरवी 112 पर फोन कर पुलिस को बताया कि वह यमुना पुल पर खड़ा है। पैदल चल कर बागपत के लिए आया है। मगर, बागपत पुलिस मुझे वापस जाने के लिए बोल रही है। अगर मुझे बागपत से बदायूं भेजा गया तो वह यमुना में कूदकर अपनी जान दे देगा। कॉल सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए और युवक को बागपत कोतवाली ले आई। बाद में वंदना चौक पर हरियाणा की ओर से आ रही रोडवेज से बस में युवक को बैठाकर पेरिफेरल के लिए भेज दिया, जहां से सभी मजदूरों को अपने-अपने गांव भेजा रहा है। देर रात युवक के स्वास्थ्य की जांच कर लख्मीचंद पटवारी में भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि युवक को रोडवेज बस में बैठाकर भेज दिया गया।