पिता के साथ बाइक पर सवार होकर खेत से घर लौट रहे मासूम की ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। उधर, बागपत में एक युवक के पैर पर ट्रैक्टर चढ़ गया, जिसे घायलावस्था में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
लाइनपार बस्ती निवासी दिलशाद अपने पांच साल के बेटे रिहान को बुधवार रात करीब नौ बजे खेत में गेहूं कटाई कर बाइक पर लेकर घर लौट रहा था। रजवाहे की पटरी पर सामने से ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में रिहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दिलशाद को भी चोटें लगी है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। घायल दिलशाद ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दी।
उधर, फैजपुर निनाना गांव निवासी विपिन पुलिया के पास खड़ा था। एक ट्रैक्टर उसके पैर के ऊपर से उतर गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया है।