बड़ौत में सराय रोड स्थित अवैध कॉलोनी में प्लाट ध्वस्त करती जेसीबी मशीन। स्रोत:सूचना विभाग
बागपत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण ने बड़ौत शहर में चार अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। काॅलोनी काटने वालों को चेतावनी दी कि जब तक नक्शा पास नहीं कराया जाएगा, तब तक प्लॉट नहीं काटे जाएंगे। यदि ऐसा किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बड़ौत में सराय रोड पर रामकुमार, मोनू शर्मा व चांद द्वारा दस हजार वर्ग मीटर और मनीष चौहान व शमशाद द्वारा दस हजार वर्ग मीटर में कॉलोनी काटी जा रही थी। इसके अलावा कासिम द्वारा पांच हजार वर्ग मीटर और प्रमोद व सोहनवीर द्वारा तीन हजार वर्ग मीटर में काॅलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण द्वारा कई बार नक्शा पास करने के लिए नोटिस जारी किया गया, लेकिन फिर भी नक्शा पास नहीं कराया जा रहा था।
काॅलोनी काटने वालों ने वहां ऑफिस, प्लॉट की बाउंड्रीवाॅल व सीसी रोड का निर्माण कर दिया। सूचना मिलने के बाद प्राधिकरण के सहायक अभियंता आसिफ हुसैन ने पुलिस व टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सभी काॅलोनी पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। उन्होंने चारों काॅलोनियों पर सील लगा दी।
- आम लोगों को उठानी पड़ रही थी परेशानी
सहायक अभियंता आसिफ हुसैन ने बताया कि इस तरह की काॅलोनियों के काटने से आम लोग प्लॉट खरीद लेते हैं। इसके बाद वह नक्शा पास कराने आते हैं तो काॅलोनी का नक्शा पास न होने के कारण प्लॉट का नक्शा भी पास नहीं होता। इससे वह लोन लेना चाहते हैं तो उनको लोन भी नहीं मिलता है। इसलिए आम लोगों को समस्या हो रही है।