चार कॉलोनियों में की गई कार्रवाई, कॉलोनाइजरों में मचा रहा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को डीएम के निर्देशों पर नगर में अनाधिकृत कालोनियों और निर्माण के विरुद्ध अभियान चलाया। टीम ने बाईपास रोड बिनौली पुलिस चौकी के पास, सराय रोड और मीरापुर रजबहे पट्टी बिजरौल रोड एक्ससेंज के पीछे बनाई गई अनाधिकृत कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इससे कालोनाइजरों में हड़कंप मचा रहा।
बुधवार को बागपत-बड़ौत-खेकड़ा विकास प्राधिकरण की टीम एई अरविन्द शर्मा के नेतृत्व में बड़ौत पहुंची और नायब तहसीलदार व पुलिस बल के साथ अनाधिकृत कालोनियों और निर्माण को ध्वस्तीकरण किया। एई ने बताया कि टीम ने पट्टी चौधरान निवासी यासीन प्रधान की बाईपास रोड बिनौली पुलिस चौकी के पास, बिजेन्द्र और महेश की सराय रोड बड़ौत, आदेश कुमार, सुनील कुमार गुप्ता की सराय रोड, राहुल, अशोक और राकेशपाल द्वारा मीरापुर रजबहे पट्टी बिजरौल रोड एक्ससेंज के पीछे काटी गई अनाधिकृत कालोनियों व निर्माण पर कार्रवाई की।