बागपत में पशु व्यापारी इलियास की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बेटे पांच हजार रुपये के ईनामी सोनू को गिरफ्तार कर केस का खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी सोनू ने अपने पिता की हत्या अवैध संबंध को लेकर की थी। पुलिस ने उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। आरोपी सोनू ने बेखौफ अंदाज में कहा कि उसके पिता के चाची से अवैध संबंध थे। काफी समझाने के बाद भी पिता अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। इसी को लेकर उसने उनकी हत्या कर दी थी।
एसपी पूनम ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बरनावा गांव के इलियास की अप्रैल 2014 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई अहसान उर्फ भूरू ने बिनौली थाना पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। केस की विवेचना बिनौली थाना से मेरठ क्राइम ब्रांच ट्रांसफर हो गई थी। पुलिस की विवेचना में मृतक के बेटे सोनू का नाम प्रकाश में आया था। पुलिस तभी से ही आरोपी सोनू की तलाश में लगी हुई थी।
कोर्ट के आदेश पर सोनू के मकान की कुर्की भी हुई थी। पुलिस ने मफरूरी में 1 दिसंबर 2015 को आरोपी सोनू के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई थी। आरोपी सोनू पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित हुआ था। शुक्रवार को बरनावा तिराहे से आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया है। आरोपी सोनू ने अवैध संबंध को लेकर अपने पिता की हत्या करना स्वीकार किया है।