चांदीनगर। क्षेत्र के सिंगौली तगा गांव के चौराहे के पास एक युवक को स्कूटी सवार तीन युवकों ने तमंचे की बट से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
गौना निवासी मोनू पुत्र ऋषिपाल बंथला गैस प्लांट में नौकरी करता है। सुबह करीब नौ बजे वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। सिंगौली तगा गांव के चौराहे के पास पीछे से आए स्कूटी सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उसे रोक लिया। तमंचे की बट से उस पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। सामने से वाहन आता देख हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी मुनेशपाल सिंह का कहना है कि युवक की तरफ से तहरीर मिल गई है। एक हमलावर युवक का रिश्तेदार है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।