एटीएम हुए खाली, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
बागपत। हर बार की तरह इस बार भी बैंकों के एटीएम ने लोगों को धोखा दिया। धनराशि की निकासी के लिए बैंकों के बाहर लगे एटीएम के चक्कर लगाते रहे। मायूस होकर लौटना पड़ा। अभी मंगलवार का दिन भी इसी तरह परेशानी भरा रहेगा। उपभोक्ता बैंक के अधिकारी और प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।
त्योहारों के चलते बैंकों के अवकाश होने के कारण अधिकांश एटीएम जवाब दे गए। दीपावली पर तो निकासी हुई, लेकिन उसके बाद खाली हो गए। सुबह से ही बैंकों के बाहर लोग जरूरत के अनुसार धनराशि निकालने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन मायूस होकर सभी को लौटना पड़ा। अधिकांश बैंकों के बाहर यह ही हाल रहा है। इक्का-दुक्का एटीएम से ही निकासी हुई, लेकिन वहां पर लोगों को लाइन में लगकर रुपये निकालने को मजबूर होना पड़ा। बैंक उपभोक्ता राजीव, प्रदीप, शिवकुमार, राजवीर, जितेंद्र, ओमपाल, जगदीश, अजय ने बैंक के अधिकारी ओर जिला प्रशासन से एटीएम की व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। उनका कहना है कि जरूरत के समय पर ही सुविधाएं जवाब दे देती है, इससे परेशानी होती है। जरूरत के कार्यों को पूरा नहीं कर पाते हैं। एलडीएम प्रदीप थारोट ने कहा कि व्यवस्था में सुधार के लिए बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया जाएगा।