बागपत के बड़ौत में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हरि भाई चौधरी ने कहा कि ट्रेनों में होने वाली घटनाओं की अब तुरंत एफआईआर दर्ज होगी। इसके लिए यात्रियों को अपने फोन से टोल फ्री नंबर 112 नंबर पर कॉल करनी होगी। अगले माह इस के शुरू होने की संभावनाएं है।
बृहस्पतिवार को कोताना रोड स्थित हरपाल सिंह तोमर के आवास पर पत्रकार वार्ता में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रदेशों में पुलिस, खुफिया विभाग को मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा हर प्रदेश में आतंकवादियों की सूचना पर अलर्ट करने के लिए एडिशनल कोर्स की जरूरत है। उन्होंने कहा जल्द ही इसकी भी ट्रेनिंग दी जाएगी।
उन्होंने बताया पठानकोट में एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ था। इसकी जांच में पाया गया कि एयरबेस स्थल के चारों ओर नदियां है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लेजर टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाएगा। रेलों में होने वाली घटनाओं को रिपोर्ट दर्ज न करने की शिकायतें मिल रही थी। इसके लिए दिल्ली पुलिस और आरपीएफ के अधिकारियों की बैठक कर एक योजना तैयार की गई है। इसमें टोल फ्री नंबर 112 के शुरू करने पर सहमति बनी है।
इस नंबर के जरिए ट्रेन के डिब्बे में बैठे हुए यात्री अपनी एफआईआर दर्ज करा सकते है। इस पर 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और अगले माह तक इसे लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने नक्सलवाद के बारे में कहा कि जब से भाजपा केंद्र में आई, नक्सलवाद पर शिकंजा कसा गया है। उन्होंने दावा किया देश भर में नक्सलवादी गतिविधियों पर करीब 22 प्रतिशत अंकुश लगा है। जेएनयू के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह मामला न्यायालय में है, लेकिन देश विरोधी जो भी गतिविधि करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
विस चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता
बड़ौत। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री हरिभाई चौधरी और बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने लाल हवेली में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक की और समस्याएं सुनीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में होने वाली विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अनेक समस्याएं उठाई, जिनका मंत्री और सांसद ने निराकरण करने का आश्वासन दिया। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-सहारनपुर रेल लाइन के दोहरीकरण तथा विद्युतीकरण, पानीपत से वाया टीकरी, झूंडपुर, दाहा, मेरठ तक नई रेलवे लाइन का रेल बजट में प्रस्ताव पास करने पर सांसद का आभार जताया।
सांसद ने कहा कि बागपत के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि 2017 में प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले है। इसके लिए कार्यकर्ता अभी से जुट जाए और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय खोखर और संचालन रविंद्र सिंह राठी ने किया।
इस अवसर पर वेदपाल उपाध्याय, महेंद्र सिंह, सुधीर मान, जयकरण, राजगोपाल, धर्मेंद्र, दौलत राम यादव, विनोद जैन, शरद तोमर, संजीव, प्रवीण, अश्वनी, मोहन बेदी, राजकुमार रूहेला, हरिभूषण उपाध्याय, विनोद पांचाल, जितेंद्र, अजय चौधरी आदि उपस्थित रहे।