बागपत। पूरणपुर नवादा गांव के युवक विकास उर्फ विपिन की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी अशोक नागर ने पुलिस को चकमा देकर सोमवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। आरोपी पिछले 34 माह से वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक विकास उर्फ विपिन की 27 फरवरी 2014 को गोली मारकर हत्या की। मृतक के भाई प्रवीण कुमार ने गांव के ही जयप्रकाश भाटी और वेदप्रकाश भाटी पुत्र महेंद्र भाटी, धीरज पुत्र मांगे, मांगेराम पुत्र रामधन, डगरपुर निवासी अजय पुत्र तेज सिंह और दिल्ली के मयूर विहार निवासी अशोक नागर पुत्र फूल सिंह के खिलाफ चांदीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी अशोक नागर फरार चल रहा था। अन्य आरोपी जेल जा चुके हैं। केस की विवेचना मेरठ क्राइम चल रही है। पुलिस आरोपी अशोक की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी, लेकिन पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी थी। आरोपी अशोक ने पुलिस को चकमा देकर सोमवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। चांदीनगर थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया पुलिस के दबाव के चलते ही आरोपी अशोक नागर ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है।