छपरौली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्सरे टेक्नीशियन का तबादला होने के बाद से एक्सरे कक्ष पर ताला लगा हुआ है। एक जून को टेक्नीशियन केशव प्रसाद का आजमगढ़ तबादला होने के बाद से यह स्थिति बनी हुई है। पिछले 15 दिनों से मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे एक्सरे कराने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी हो रही है। मरीजों को 300 से 500 रुपये तक खर्च करने पड़ रह हैं।
सीएचसी पर रोजाना 30 से अधिक मरीज एक्सरे कराने के लिए आते हैं। टेक्नीशियन के तबादले के बाद से एक्सरे मशीन बंद पड़ी है। कक्ष पर ताला लगने के कारण मरीजों को बिना एक्सरे कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। इससे उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया है। मरीजों को अब निजी अस्पतालों में एक्सरे कराने के लिए अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। सरकारी सुविधा न मिलने के कारण उन्हें बागपत या अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है। मरीजों ने जल्द से जल्द एक्सरे कक्ष को फिर से चालू करने की मांग की है। उन्होंने नए टेक्नीशियन की तैनाती की अपील की है। टेक्नीशियन के तबादले को 15 दिन बीत चुके हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है।
—
-सीएचसी में हाथ का एक्सरे कराने के लिए आई थी, लेकिन बिना कराए ही लाैटना पड़ रहा है। एक्सरे टेक्नीशियन की जल्द ही स्वास्थ्य विभाग को तैनाती करनी चाहिए। -रुबीना
-कंधे में चोट लगने पर सीएचसी में एक्सरे करवाने के लिए पहुंचा, पता चला कि यहां कोई टेक्नीशियन नहीं है। अब जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है। -कृष्णपाल सिंह
वर्जन
टेक्नीशियन का दूसरे जिले में तबादला होने के कारण एक्सरे नहीं हो रहे हैं। जल्द ही टेक्नीशियन की तैनाती कर एक्सरे शुरू कराए जाएंगे, मरीजों की समस्या को दूर किया जाएगा। -डॉ. कुमार अभिषेक, सीएचसी अधीक्षक