जमीन कब्जा मुक्त कराने के लिए दर-दर भटक रहा आर्मी का जवान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। छछरपुर गांव निवासी आर्मी का जवान दबंगों से अपनी जमीन खाली कराने को लेकर दर-दर भटक रहा है परंतु सुनवाई नहीं हो रही है। वह बृहस्पतिवार को कोतवाली पहुंचा और जमीन कब्जा मुक्त कराने की मांग की। वहीं, कोतवाल ने आश्वासन देकर लौटा दिया।
छछरपुर गांव का फौजी सुनील कुमार कोतवाली पहुंचा। उसने बताया कि उनकी 23 बीघा जमीन छछरपुर गांव में है। उस पर बावली गांव के लोगों ने कब्जा कर रखा है। बताया कि वर्ष 2019 में अपनी जमीन को बावली गांव के खरीदारों को बेचना तय किया था। रजिस्ट्री वाले दिन आरोपियों ने कुछ धनराशि नकद और चेक से भुगतान किया, लेकिन उनके चेक बाउंस हो गए। इस कारण रजिस्ट्री पर स्टे हो गया।
आरोपियों ने उसी दिन से उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया, जबकि बिजली कनेक्शन अभी उसके नाम से है। आरोप लगाया कि अधिकारी उसकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते उसे धक्के खाने पड़ रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज है, लेकिन फिर भी पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि वर्ष 2019 में फौजी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। जल्द ही जांच करके कार्रवाई की जाएगी।