प्रथम स्थान पर पदक के साथ बागपत के धनौरा निवासी मधु वेदवान।
- फोटो : अमर उजाला
बागपत। धनौरा गांव की धनुर्धर बेटी मधु वेदवान ने ताईवान में फिर तीरंदाजी में अपने जौहर दिखाए। एशिया कप वर्ल्ड रैंकिंग में मंगलवार को झारखंड के विनोद के साथ मिक्स डबल में चीन की टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इन खेलों में गोल्डन गर्ल का यह दूसरा स्वर्ण पदक है।
ताईवान में बागपत की बेटी ने कामयाबी के स्वर्णिम तीर चलाए। व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे राउंड में बाहर हो जाने के बाद मधु वेदवान ने जोरदार वापसी की। मिक्स डबल में झारखंड के विनोद के साथ मिलकर बेहतरीन प्रदर्शन किया। मधु और विनोद की जोड़ी ने 180 में से 149 का स्कोर किया। दोनों ने चीन की खिलाड़ियों को हराया।
इससे पहले 10 सितंबर को मधु ने महिला टीम प्रतिस्पर्धा मेें अच्छा खेल कर स्वर्ण पदक जीता था। एशिया कप वर्ल्ड रैंकिंग में दो पदक जीतने के बाद मधु ने खुशी जाहिर की। उधर, मधु के गांव धनौरा में भी परिवार ने हर्ष व्यक्त किया। तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सुनील पंवार ने कहा मधु की मेहनत रंग लाई। ओलंपिक में क्वालीफाई नहीं करने का मलाल रहेगा, लेकिन दो पदक जीतकर मधु ने प्रतिभा साबित कर दी है।