आपराधिक छवि के मतदान अभिकर्ता की सूची देने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ भी होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए मतदान अभिकर्ता को जांच के बाद ही मतदान स्थल पर नियुक्ति की जाएगी। पीठासीन अधिकारी मतदान से एक दिन पूर्व मतदान अभिकर्ता की जांच करेंगे। आपराधिक छवि के मतदान अभिकर्ता की सूची देने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव के दौरान मतदान की पल-पल की खबर पर नजर रखने के लिए प्रत्याशी मतदान केंद्रों पर अपने मतदान अभिकर्ता नियुक्त करते हैं। मतदाता अभिकर्ता की नियुक्ति के उपरांत सूची डीएम और अन्य अधिकारी को भिजवाई जाती है। चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने साफ छवि वाले व्यक्ति को ही मतदान अभिकर्ता नियुक्त करने के आदेश दिए है। चुनाव आयोग ने पीठासीन अधिकारियों को मतदान से एक दिन पूर्व प्रत्याशी द्वारा दी गई मतदान अभिकर्ताओं की सूची की बारीकी से जांच करने व आपराधिक प्रवृत्ति के अभिकर्ताओं की नियुक्ति न करने के निर्देश दिए है।
डीएम राजकमल यादव ने बताया कि आयोग ने पीठासीन अधिकारियों को मतदान अभिकर्ताओं की जांच संबंधित थाने से कराने व आपराधिक छवि होने पर तत्काल बाहर करने के निर्देश दिए है। इसके अलावा आपराधिक प्रवृत्ति के अभिकर्ता की सूची देने पर संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।